राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग में हरिप्रकाश सींवर का जलवा: अब तक जीते 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक, व्यक्तिगत परस्यूट में भी मारी बाजी

03 Nov 2026 BIKANER
Advertisement
हरिप्रकाश सींवर ने राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग में जीते 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक

AAPNI AWAJ | राजस्थान

Advertisement

राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग में हरिप्रकाश सींवर का जलवा: अब तक जीते 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक, व्यक्तिगत परस्यूट में भी मारी बाजी

राजस्थान। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर राजस्थान के होनहार जूनियर साइकिलिस्ट हरिप्रकाश सींवर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। झारखंड की राजधानी रांची में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता में हरिप्रकाश अब तक दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत चुके हैं।

व्यक्तिगत परस्यूट स्पर्धा में 3 मिनट 37 सेकंड में जीता स्वर्ण

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत परस्यूट स्पर्धा में हरिप्रकाश ने मात्र 3 मिनट 37 सेकंड का समय दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ट्रैक पर उनकी शानदार गति, तकनीकी दक्षता और बेहतरीन खेल कौशल ने उन्हें प्रतियोगिता में अलग पहचान दिलाई। इससे पहले भी वे एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत चुके हैं।

कठिन अभ्यास और अनुशासन का मिला परिणाम

कोच श्रवण कुमार भाम्भू ने बताया कि हरिप्रकाश की यह उपलब्धि वर्षों के कठिन अभ्यास, निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हरिप्रकाश ने जिस आत्मविश्वास और जज्बे के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन किया है, वह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

कोच ने कहा कि राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उभरते खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। हरिप्रकाश की सफलता प्रदेश के युवा साइकिलिस्टों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

खेल जगत की हस्तियों ने दी बधाई

कोच श्रवण कुमार भाम्भू ने विश्वास जताया कि हरिप्रकाश भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए राजस्थान के साथ देश का नाम रोशन करेंगे।

हरिप्रकाश सींवर की इस उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयाल राम सारण, राजेंद्र बिश्नोई, प्रशिक्षक जेठाराम गाट, सुरेंद्र कुकणा, मुनीराम गोदारा, पेमाराम जाट, महावीर कुकणा, सुंदर बिश्नोई, रामप्रसाद जाट और विजय कुमार सहित अनेक खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

खबर: Aapni Awaj

राजस्थान और बीकानेर की ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें www.aapniawaj.com के साथ।

Advertisement
Share: