बज्जू। बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र स्थित विक्रम सोलर प्लांट में गेट तोड़कर घुसने और कर्मचारी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायत में नकदी और चांदी के आभूषण छीनने के साथ कंपनी का सामान वाहनों में भरकर ले जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गेट तोड़कर प्लांट में घुसने का आरोप
पुलिस के अनुसार पैथरो की ढाणी निवासी कुम्भसिंह पुत्र कालूसिंह विक्रम सोलर प्लांट में टेक्निशियन हेल्पर के रूप में कार्य करता है। उसने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि 22 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे दो गाड़ियों में सवार कुछ लोग प्लांट का गेट तोड़कर अंदर घुस आए।
रिपोर्ट में नखतसिंह, भोमसिंह पुत्र ईश्वरसिंह, वसूदेवसिंह पुत्र ज्ञानसिंह, सवाईसिंह पुत्र माधोसिंह निवासी हिराई की ढाणी तथा महेन्द्रसिंह, आसुसिंह पुत्र भीवसिंह और देवीसिंह पुत्र सांगसिंह राजपूत निवासी पैथरो की ढाणी सहित 10-15 अन्य लोगों के आने का आरोप लगाया गया है।
कर्मचारी को गाड़ी से टक्कर मारने का प्रयास
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महेन्द्रसिंह ने वाहन से कुम्भसिंह को टक्कर मारने का प्रयास किया। इससे उसे हल्की चोट आई। इसके बाद उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप है। उसे बचाने पहुंचे भवानीसिंह पुत्र अनोपसिंह के साथ भी मारपीट किए जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
नकदी और चांदी के आभूषण छीनने का आरोप
कुम्भसिंह ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके पास से करीब 2 हजार रुपये नकद के अलावा चांदी का कड़ा और चेन भी छीन ली गई। इसी दौरान प्लांट के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी वाहनों में सवार होकर वहां से जाने लगे।
कंपनी का सामान ले जाने और CCTV तोड़ने का भी आरोप
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने जाते समय दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी। इसके अलावा कंपनी के कंटेनरों में रखा सामान भी वाहनों में भरकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। प्लांट के गेट पर लगे CCTV कैमरों को तोड़ने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों के पास लाठियां और सरिये भी थे। जाते समय उसे दोबारा सोलर कंपनी में काम करते दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई नैनूसिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब घटना के संबंध में आरोपों की जांच, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ करेगी।





