बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में एक युवक की हाईटेंशन बिजली के तारों की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना 4 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे पूगल रोड स्थित महेश नगर क्षेत्र की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार परिवादी सुरेश बिश्नोई पुत्र रामनारायण बिश्नोई, निवासी भूतनाथ मंदिर के पीछे नत्थूसर बास ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई मुरलीधर गाड़ी को स्टार्ट कर ट्रॉली में भत्ता लगाने के लिए भत्ता और पाना लेकर ट्रॉली के टूल बॉक्स पर खड़ा था।
अचानक आगे बढ़ गई गाड़ी, तारों की चपेट में आया युवक
रिपोर्ट के मुताबिक इसी दौरान गाड़ी पर सेकेंड ड्राइवर के रूप में सवार महेंद्र बिश्नोई ने कथित तौर पर गफलत और लापरवाही से अचानक गाड़ी चला दी। गाड़ी आगे बढ़ते हुए बिजली के तारों की ओर चली गई।
इसी दौरान गाड़ी के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तारों के संपर्क में मुरलीधर आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के संबंध में पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर महेंद्र बिश्नोई पुत्र बनवारीलाल, निवासी जम्भेश्वर नगर, बीकानेर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट में उस पर गफलत और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक श्यामलाल को सौंपी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े घटनाक्रम और आरोपों की जांच कर रही है।





