बीकानेर निवासी बीडीओ को किया एसीबी ने ट्रेप

26 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

लोहावट BDO 8.14 लाख रुपए के साथ पकड़ा, कार की सीट के नीचे मिला कैश

बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बीकानेर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति लोहावट के ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) नारायण सुथार को 8 लाख 14 हजार रुपए नकद के साथ पकड़ा है। एसीबी ने यह कार्रवाई बीकानेर के भीनासर नाके के पास की। तलाशी के दौरान बीडीओ की कार की खलासी साइड की सीट के नीचे एक बैग में नकदी मिली।

Advertisement

मुखबिर की सूचना पर एसीबी ने रोकी कार

एसीबी के विशेष इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के अनुसार टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहावट BDO बड़ी मात्रा में रिश्वत की राशि लेकर बीकानेर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी इन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने भीनासर नाके के पास कार्रवाई की।

एसीबी टीम ने नारायण सुथार की कार को रुकवाकर तलाशी ली। इस दौरान खलासी साइड की सीट के नीचे एक बैग दिखाई दिया। बैग खोलने पर उसमें 8 लाख 14 हजार रुपए नकद मिले। इसके बाद एसीबी ने पूरी राशि अपने कब्जे में ले ली और बीडीओ से पूछताछ शुरू कर दी।

जोधपुर से बीकानेर आ रहे थे BDO

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नारायण सुथार जोधपुर से बीकानेर की ओर आ रहे थे। वे मूल रूप से बीकानेर के विश्वकर्मा गेट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में लोहावट में BDO के पद पर पदस्थापित हैं।

एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी उनके पास कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार बरामद राशि के वैध स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

हाउस सर्च की कार्रवाई भी शुरू

नकदी बरामद होने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार टीम की ओर से BDO के हाउस सर्च की कार्रवाई भी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा नकदी से जुड़े दस्तावेज और अन्य वित्तीय लेन-देन की जानकारी खंगाली जा रही है।

फिलहाल एसीबी की पूछताछ और जांच जारी है। बरामद 8.14 लाख रुपए रिश्वत की राशि थी या इसका कोई अन्य स्रोत था, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

Advertisement
Share: