बीयर के पैसे नहीं दिए तो युवक पर सरियों से हमला, तीन नामजद सहित अन्य पर केस
बीकानेर. नापासर थाना क्षेत्र में बीयर के पैसे मांगने से इनकार करने पर युवक के साथ सरियों और लाठियों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गाढ़वाला निवासी सुरेश जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर बीयर के लिए पैसे मांगे। मना करने पर लोहे के सरिए से उसके हाथ पर हमला कर दिया, जिससे वह बाइक से नीचे गिर गया।
परिवादी का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लाठियों और सरियों से मारपीट की, जिससे उसके दोनों हाथों, कमर और पैरों पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर नरपत सिंह, धीरेंद्र, महेश सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।



