बीकानेर: भैरूजी गली में महिला के बैग में लगाया कट, दो मोबाइल, सोने की चेन और 10 हजार रुपए चोरी

01 Nov 2026 BIKANER
Advertisement
बीकानेर में महिला के बैग से दो मोबाइल, सोने की चेन और नकदी चोरी

बीकानेर: भैरूजी गली में महिला के बैग में लगाया कट, दो मोबाइल, सोने की चेन और 10 हजार रुपए चोरी

बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित भैरूजी गली में खरीदारी करने गई एक महिला के बैग में कट लगाकर अज्ञात व्यक्ति ने कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली। चोरी हुए सामान में दो मोबाइल फोन, पेंडल सहित सोने की चेन और 10 हजार रुपए नकद शामिल हैं। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

मां के साथ खरीदारी करने गई थी महिला

पुलिस के अनुसार, नत्थूसर गेट के बाहर निवासी नवदीप छंगाणी पुत्र आनंद कुमार छंगाणी ने 31 अक्टूबर को कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। परिवादी ने बताया कि उसकी पत्नी अनुसूया छंगाणी (28) 28 अक्टूबर को अपनी मां के साथ खरीदारी करने भैरूजी गली गई थी।

शाम करीब 4 बजे दोनों ने वहां एक दुकान से कुछ सामान खरीदा। इसके बाद वे भीड़ के बीच आगे बढ़कर दूसरी दुकान पर पहुंचीं। इसी दौरान महिला की मां ने बैग में कट लगा होने की जानकारी दी।

बैग में रखे दो मोबाइल और सोने की चेन गायब

बैग की जांच करने पर उसमें कट मिला। बैग में रखे दो मोबाइल फोन, पेंडल सहित एक सोने की चेन और 10 हजार रुपए नकद गायब थे। भीड़ अधिक होने के कारण महिला को पता नहीं चल पाया कि बैग में कट किसने लगाया और सामान कब चोरी हुआ।

अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज

परिवादी ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर बैग काटकर सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। कोटगेट थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की जांच एएसआई राधेश्याम को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: