बीकानेर। कोतवाली थाना क्षेत्र के भिश्तियों के मोहल्ले में घर में घुसकर एक महिला से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता सुल्ताना ने 11 नामजद लोगों पर सरियों और कुल्हाड़ी से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर हमला करने का आरोप
पुलिस को दी रिपोर्ट में सुल्ताना ने बताया कि 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 11:30 से 12 बजे के बीच वह अपने घर में काम कर रही थी। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर घर में घुसे और सरियों व कुल्हाड़ी से उसके साथ मारपीट की।
दाहिने हाथ में गंभीर चोट, PBM में भर्ती
पीड़िता के अनुसार, हमले में उसके दाहिने हाथ में कोहनी तक गंभीर चोट आई। इसके बाद उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया।
पुलिस से सुनवाई नहीं होने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दिन उसने कोतवाली थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को परिवाद देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
हेड कांस्टेबल को सौंपी जांच
पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, परिवाद और चोट संबंधी जानकारी के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल राजेश को सौंपी गई है।






