बीकानेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बीछवाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 66 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन और पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशानुसार चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी सदर अंकाक्षा के सुपरविजन में बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
आरसीपी कॉलोनी में संदिग्ध युवकों को रोका
पुलिस के अनुसार आरसीपी कॉलोनी क्षेत्र में गश्त के दौरान उपनिरीक्षक राजकुमार टीम के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 66 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
श्रीगंगानगर और हरियाणा के रहने वाले आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुपाराम (25) पुत्र नारायणराम निवासी 36 एच नग्गी, थाना करणपुर, जिला श्रीगंगानगर, रोहित (18) पुत्र चन्द्रभान निवासी बीझबायला, थाना घमूडवाली, जिला श्रीगंगानगर तथा सोनू (23) पुत्र कालूराम निवासी अयालकी, थाना सदर फतेहाबाद, जिला हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है।
मादक पदार्थ कहां से आया, जांच जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सदर थाना पुलिस के उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह को सौंपी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एमडी कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। आरोपियों के संपर्क और संभावित ड्रग नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार तथा कांस्टेबल भगवानाराम, पवन कुमार और सुरेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






