बीकानेर। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा बीकानेर शहर की महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें निकाय चुनाव की रणनीति, वार्ड स्तर तक संगठन के विस्तार और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि निकाय चुनाव संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं के समर्पण का चुनाव है। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में मजबूत टीमों का गठन कर घर-घर संपर्क अभियान चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की विकास योजनाओं और यमुना जल समझौते जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य भी करती है।
प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही रथ यात्राओं का स्वागत किया जाए तथा आगामी तिरंगा यात्रा सहित सभी कार्यक्रमों को सफल बनाया जाए। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि बैठक में जिला प्रभारी ओम सारस्वत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल गहलोत, सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय आचार्य, पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, नारायण चोपड़ा, जिला महामंत्री राजेंद्र पंवार, श्याम सिंह हाडला सहित अनेक पदाधिकारियों ने विचार रखे।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




