बीकानेर: बकाया बिजली बिल वसूली के दौरान BKESL टीम से मारपीट का आरोप, मामला दर्ज
बीकानेर: सदर थाना क्षेत्र के भुट्टों के बास में बकाया बिजली बिलों के चलते विद्युत कनेक्शन काटने पहुंची BKESL की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कंपनी के कनिष्ठ अभियंता आयुष पुरोहित ने कुछ लोगों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन कनेक्शनों पर 4.84 लाख रुपए से अधिक बकाया
कनिष्ठ अभियंता आयुष पुरोहित के अनुसार, वह सुपरवाइजर महिपाल, लाइनमैन मोहम्मद रियाज आलम और हेल्पर बाहुल के साथ कंपनी की गाड़ी से भुट्टों के बास में मोहर्रम चौकी के पास पहुंचे थे। वहां दिन्ने खां के नाम से दो विद्युत कनेक्शन और हाकम अली के नाम से एक अन्य कनेक्शन था। इन तीनों कनेक्शनों पर कुल 4,84,570 रुपए का बिजली बिल बकाया बताया गया है।
परिवादी का कहना है कि पहले नोटिस देने और समझाइश करने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कराई गई थी। इसी कारण टीम कनेक्शन विच्छेद करने पहुंची थी।
कनेक्शन काटने के दौरान विवाद का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार, टीम सुबह करीब 10:50 बजे मौके पर पहुंची थी। लाइनमैन रियाज आलम जब विद्युत पोल पर चढ़कर कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रहे थे, तभी सद्दाम पुत्र सिकंदर, उसकी मां, लक्की और करीब 10 से 12 अन्य लोग वहां आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने आयुष पुरोहित के साथ मारपीट की और उनकी शर्ट फाड़ दी।
गर्दन और पीठ पर चोट लगने का दावा
आयुष पुरोहित ने आरोप लगाया कि बचने के लिए पास स्थित चौकी पर चढ़ने का प्रयास करने के दौरान भी उन्हें घेरकर पीटा गया। रिपोर्ट में उनकी बाईं गर्दन, पीठ और गले पर चोट लगने की बात कही गई है। परिवादी ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। घटना के कारण बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई बाधित हो गई।
सदर थाना पुलिस कर रही जांच
प्राथमिक उपचार करवाने के बाद आयुष पुरोहित ने 24 अक्टूबर को सदर थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई लक्ष्मण सिंह को सौंपी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Aapni Awaj | Bikaner News






