बीकानेर में दो जगह मारपीट की घटनाएं: कैप्टन होटल में घुसकर स्टाफ से पाइप-सरियों से हमला, 28 हजार रुपए निकालने का आरोप
बीकानेर: शहर में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। कोटगेट थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित कैप्टन होटल में घुसकर स्टाफ के साथ लोहे के पाइप और सरियों से मारपीट व तोड़फोड़ करने का आरोप है। वहीं, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में दुकान पर दुकानदार और कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैप्टन होटल में घुसकर मारपीट, 28 हजार रुपए निकालने का आरोप
पहली घटना में रात करीब 11:30 बजे कुछ लोग स्टेशन रोड स्थित कैप्टन होटल पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने होटल में घुसकर काउंटर पर बैठे स्टाफ के साथ लोहे के पाइप और सरियों से मारपीट की। परिवादी के अनुसार, मूलचंद सुथार और उसके साथियों ने होटल के काउंटर से 28 हजार रुपए निकाल लिए तथा ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की।
परिवादी ने बताया कि जब वह बाहर निकला तो आरोपी मौके से जा चुके थे। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई गौरव बोहरा कर रहे हैं।
रानी बाजार में दुकानदार और कर्मचारी से मारपीट
दूसरी घटना में नई मस्जिद के पीछे, रानी बाजार निवासी विष्णुलाल उपाध्याय ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि 1 नवंबर को दोपहर करीब 1:45 बजे रीको रोड नंबर 2 पर शगुन स्वीट्स के सामने मुकेश कुमार मेहरा, महावीर और नितेश मेहरा एकराय होकर पहुंचे।
आरोप है कि तीनों ने परिवादी और उसकी दुकान पर काम करने वाले सुभाष के साथ मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल अमृतलाल कर रहे हैं।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।






