बीकानेर में सर्राफा व्यवसायी से 5 करोड़ की फिरौती मांगने का मामला, जयपुर से दो संदिग्ध हिरासत में

24 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में सर्राफा व्यवसायी से 5 करोड़ की फिरौती मांगने का मामला, जयपुर से दो संदिग्ध हिरासत में

बीकानेर। बीकानेर में सर्राफा व्यवसायी को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने जयपुर से दो संदिग्धों को पकड़कर बीकानेर लाया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

Advertisement

रोहित गोदारा के नाम पर मांगी गई थी 5 करोड़ की फिरौती

जानकारी के अनुसार, धर्मनगर द्वार के बाहर रहने वाले एक सर्राफा व्यवसायी को पिछले दिनों रोहित गोदारा के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। इस संबंध में नयाशहर थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर गैंगस्टर के संपर्क में रहे लोगों की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी जुटाई।

जयपुर के एक फ्लैट से विष्णु साध को पकड़ा

जांच के दौरान पुलिस को विष्णु साध के जयपुर में होने की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जयपुर पहुंची और एक फ्लैट से उसे पकड़ा। विष्णु साध को आदतन अपराधी बताया गया है और पूर्व में उसके रोहित गोदारा के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है।

बताया जाता है कि पिछले साल नयाशहर थाना क्षेत्र में डॉ. विष्णु अग्रवाल को जान से मारने की धमकी देकर 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में भी पुलिस ने विष्णु साध को गिरफ्तार किया था।

फ्लैट के मालिक से भी पूछताछ की आशंका

जिस फ्लैट से विष्णु साध को पकड़ा गया, वह बीकानेर निवासी मनीष लांबा का बताया जा रहा है। विष्णु के वहां मिलने के बाद पुलिस को मनीष लांबा की भूमिका को लेकर भी संदेह होने की बात सामने आई है। दोनों को जयपुर से बीकानेर लाया गया है और मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मामले को रखा गोपनीय

फिलहाल पुलिस ने जांच से जुड़ी जानकारी गोपनीय रखी है। आशंका जताई जा रही है कि स्थानीय स्तर पर कारोबारियों की जानकारी जुटाकर अपराधियों तक पहुंचाई जा सकती है, जिसके आधार पर धमकी देकर फिरौती मांगने की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच पूरी होने और पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच के बाद ही कथित फिरौती प्रकरण में उनकी भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।

Aapni Awaj | Bikaner Crime News

Advertisement
Share: