बीकानेर बस स्टैंड की बदलेगी तस्वीर! कलेक्टर निशान्त जैन ने दिए 15 दिन में सुधार के निर्देश

29 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर केंद्रीय बस स्टैंड का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, 15 दिन में सुधार के निर्देश

बीकानेर। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने सोमवार को केंद्रीय बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने बस स्टैंड पर टिकट व्यवस्था, पूछताछ कक्ष और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

15 दिन में सुधार नहीं हुआ तो होगा दोबारा निरीक्षण

जिला कलेक्टर ने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों में बस स्टैंड की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। इसके बाद दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।

यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश

कलेक्टर निशान्त जैन ने कहा कि बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए, ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

पूछताछ कक्ष रहेगा पूरी तरह सक्रिय

उन्होंने पूछताछ कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों को बसों के संचालन, समय-सारिणी और गंतव्य से जुड़ी जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी महिमा कसाना और रोडवेज डिपो प्रबंधक इंदिरा गोदारा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share: