घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप, चूड़ियां तोड़ीं; जान से मारने की धमकी

19 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा में घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप, चूड़ियां तोड़ीं; जान से मारने की धमकी

नोखा। नोखा में एक महिला ने चार लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गलत नीयत से छूने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि करीब दो महीने पहले भी आरोपियों ने खेत में ट्रैक्टर से उसका पीछा किया था। मामले में नोखा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

अणखीसर गांव की रहने वाली राजू जाट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब दो महीने पहले वह खेत में बुवाई के लिए गई थीं। आरोप है कि उस दौरान दिनेश, राकेश, सहीराम और मोहनराम ने जान से मारने की नीयत से उनके पीछे ट्रैक्टर दौड़ाया। राजू जाट के अनुसार वह किसी तरह भागकर अपनी ढाणी पहुंचीं। आरोप है कि इसके बाद चारों ने उन्हें धमकी दी कि उस दिन तो वह बच गईं, लेकिन अगली बार मौका मिलने पर जान से मार देंगे।

घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप

राजू जाट ने बताया कि 16 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने घर पर थीं। आरोप है कि इसी दौरान दिनेश, राकेश, सहीराम और मोहनराम जबरन घर में घुस आए। उन्होंने राजू जाट को घर के अंदर से घसीटकर आंगन में लाया और थप्पड़-घूंसों से मारपीट की।

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने गलत नीयत से महिला को छुआ, हाथों की चूड़ियां तोड़ दीं और जमीन पर पटककर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उनकी ओढ़नी भी खींचकर दूर फेंक दी गई।

बचाने आए बेटों से भी मारपीट का आरोप

राजू जाट के अनुसार उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाया तो उनके बेटे अशोक और भरत मौके पर पहुंचे। दोनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।

महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share: