बीकानेर: चक जसवंतसर में महिला पर कुल्हाड़ी से हमला, हाथ पर आए 25 टांके; पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज
बीकानेर। जिले के महाजन थाना क्षेत्र के चक जसवंतसर में एक महिला पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पड़ोसी ने महिला के घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके हाथ पर करीब 25 टांके आए हैं। पीड़िता की शिकायत पर महाजन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले गाली-गलौज कर दी थी धमकी
पुलिस को दिए परिवाद के अनुसार, महिला ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात उसका पति चुनावी कार्यक्रम में गया हुआ था। इस दौरान आरोपी शराब के नशे में उसके घर आया और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
अगले दिन कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसा
महिला के अनुसार, 29 अक्टूबर की शाम आरोपी फिर शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और बाहर लगी ईंटें उखाड़ने लगा। विरोध करने पर वह कुल्हाड़ी लेकर घर में घुस आया और जान से मारने की नीयत से महिला पर वार कर दिए। हमले में महिला के हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं।
पति ने पहुंचाया अस्पताल
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका पति मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर उसे आरोपी से छुड़ाया। इसके बाद वह घायल महिला को बाइक से महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया, जहां उसका उपचार किया गया। हमले में महिला के हाथ पर करीब 25 टांके लगाए गए।
एसआई अनूप सिंह कर रहे जांच
महाजन पुलिस ने पीड़िता के परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एसआई अनूप सिंह कर रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Aapni Awaj | Bikaner Crime News







