बीकानेर में दीपावली पर दर्दनाक हादसा: छाती पर पटाखा फटने से 9 साल के बालक की मौत
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर जिले के बज्जू उपखंड के चारणवाला क्षेत्र में दीपावली के दिन पटाखा फटने से 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पटाखा बालक की छाती पर फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले बज्जू अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां देर शाम उपचार के दौरान बालक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान लक्ष्मणराम पुत्र भगवानाराम मेघवाल के रूप में हुई है। हादसा चारणवाला ब्रांच के चक 14 सीडब्ल्यूबी में हुआ।
छाती पर पटाखा फटने से गंभीर रूप से झुलसा
जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन पटाखे के कारण हुए हादसे में लक्ष्मणराम की छाती पर पटाखा फट गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत बज्जू अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीबीएम में उपचार के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई।
पिता काश्त पर जमीन लेकर करते हैं खेती
लक्ष्मणराम के पिता भगवानाराम मेघवाल काश्त पर जमीन लेकर खेती करते हैं। भारतसिंहपुरा के सरपंच कन्हैयालाल मेघवाल ने बताया कि लक्ष्मणराम का एक छोटा भाई भी है, जिसकी उम्र करीब 6 से 7 महीने है और उसकी तबीयत भी ठीक नहीं रहती। परिवार पर एक साथ आई इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पैतृक निवास पर किया अंतिम संस्कार
बालक की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। लक्ष्मणराम का अंतिम संस्कार चक 14 सीडब्ल्यूबी स्थित उसके पैतृक निवास पर किया गया। दीपावली के दिन हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।







