बीकानेर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार की मौत, कई घायल; त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पहला हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में लखासर टोल प्लाजा के पास दो बोलेरो गाड़ियों की भिड़ंत से हुआ। वहीं, दूसरा हादसा लूणकरणसर-कालू रोड पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर से हुआ। हादसों के चलते त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
लखासर टोल प्लाजा के पास दो बोलेरो की जोरदार भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में लखासर टोल प्लाजा के पास दिन में करीब 4 बजे दो बोलेरो गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार छह लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद टोल प्लाजा के कर्मचारियों और वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने रुककर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। चार घायलों को टोल प्लाजा की एंबुलेंस से श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, लखासर सरपंच गोवर्धन खिलेरी के पुत्र पवन और भाई मुकेश ने अपनी गाड़ी से दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
टोल तोड़कर भाग रही गाड़ी की टक्कर की बात सामने आई
बताया जा रहा है कि बीकानेर की ओर से आ रही एक कैंपर गाड़ी ने टोल प्लाजा पर टोल नहीं चुकाया और टोल तोड़कर आगे निकल गई। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी गाड़ी से उसकी टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे के कारणों और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में कस्बे के सेवाभावी लोग श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचे और घायलों की मदद में जुटे।
लूणकरणसर-कालू रोड पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत
दूसरा हादसा रविवार रात करीब 9 बजे लूणकरणसर-कालू रोड पर टोल प्लाजा के पास हुआ। यहां ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और टाइगर फोर्स के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। चिकित्सकों ने सुरनाणा निवासी मुकेश जाट और रांवासर निवासी नंदलाल जाट को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर घायल रांवासर निवासी भोमाराम जाट को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया।
दो हादसों में चार मौतों से क्षेत्र में शोक
जिले में एक ही दिन हुए इन दो सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसों की खबर से संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है। घायलों का उपचार जारी है।






