बीकानेर में कांग्रेस नेताओं में कहासुनी, प्रभारी चिरंजीव राव के सामने उलझे गोविंद-मदन मेघवाल
बीकानेर। बीकानेर में बुधवार को नरेंद्र भवन के बाहर कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कहासुनी का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल के बीच प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी चिरंजीव राव के सामने ही बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि नरेंद्र भवन से एयरपोर्ट जाते समय यह घटनाक्रम हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल ने चिरंजीव राव के सामने मदन मेघवाल से कांग्रेस के कार्यक्रमों और प्रदर्शनों में नहीं बुलाए जाने तथा जानकारी नहीं देने को लेकर शिकायत की।
कार्यक्रमों में नहीं बुलाने को लेकर जताई नाराजगी
गोविंद मेघवाल ने कथित तौर पर मदन मेघवाल के सामने कार्यक्रमों में सूचना नहीं देने और आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी कहासुनी होने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान मदन मेघवाल ने भी चिरंजीव राव के सामने गोविंद मेघवाल से कहा कि वे उन्हें शहर कांग्रेस अध्यक्ष मानते ही कहां हैं और उनकी बेइज्जती करते रहते हैं।
चिरंजीव राव ने कराया मामला शांत
मामला ज्यादा आगे बढ़ने से पहले कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी चिरंजीव राव ने दोनों नेताओं के बीच स्थिति को शांत कराया। इसके बाद विवाद आगे नहीं बढ़ा और सभी नेता एयरपोर्ट की ओर रवाना हुए।
फिलहाल दोनों नेताओं के बीच हुई कहासुनी को लेकर कांग्रेस की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






