बीकानेर। शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित के बैंक खाते से ₹1 लाख निकाल लिए गए, जबकि उसके मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही किसी प्रकार का अन्य सत्यापन संदेश प्राप्त हुआ।
बिना OTP खाते से निकली रकम
साइबर थाना प्रभारी विजेंद्र शिला के अनुसार भीनासर निवासी जयकुमार दफ्तरी ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि उसके बैंक खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ीपूर्वक ₹1 लाख निकाल लिए।
पीड़ित का कहना है कि लेन-देन के दौरान उसके मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही किसी अन्य प्रकार की बैंकिंग पुष्टि प्राप्त हुई।
साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
रिपोर्ट के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई खेताराम को सौंपी गई है।
बैंकिंग रिकॉर्ड और तकनीकी जांच जारी
पुलिस अब बैंकिंग ट्रांजेक्शन, संबंधित खातों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राशि किस माध्यम से निकाली गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।




