बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र के पुरानी गिनाणी स्थित धावड़ियों के मोहल्ले में साइकिल हटाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर लाठियों से हमला करने और कार में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। हमले में व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार पुरानी गिनाणी निवासी राधाकिशन तंवर ने रिपोर्ट में बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह अपनी बेटी हितेशी के साथ पत्नी को लेने के लिए कार से घर से निकला था। घर के सामने आम गली में साइकिल खड़ी थी। कार निकालने के लिए हॉर्न बजाने पर सामने स्थित मकान से लक्ष्मीनारायण, किशनलाल, राहुल, रोहित और ध्रुव बाहर आए।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने राधाकिशन के साथ गाली-गलौज की। उनकी बेटी ने विवाद नहीं करने की अपील की, लेकिन आरोपियों ने उसे भी धमकाया। इसके बाद आरोप है कि राधाकिशन को कार से बाहर खींचकर लाठियों से हमला किया गया। हमले में उनके सिर पर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गए।
कार के शीशे तोड़ने का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने राधाकिशन की कार के शीशे भी तोड़ दिए। चीख-पुकार सुनकर सत्यनारायण तंवर, निर्मल तंवर सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद घायल राधाकिशन को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उनके सिर पर टांके लगाए गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सदर थाना पुलिस ने राधाकिशन की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई बलराम को सौंपी गई है।






