AAPNI AWAJ | बीकानेर
बीकानेर में दीपावली की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट: 30 प्रमुख स्थानों पर होगी आकर्षक लाइटिंग, 33 जगह बैरिकेडिंग
बीकानेर। दीपावली के त्योहार पर शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर का माहौल उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की फॉलोअप बैठक लेकर शहर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छता, आकर्षक रोशनी, सड़कों के पेचवर्क और यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्य निर्धारित समय में पूरे करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता के लिए 10 दिवसीय विशेष अभियान
जिला कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के अवसर पर पूरे शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। नियमित सफाई के साथ कचरे का समयबद्ध उठाव हो और व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि दीपावली को देखते हुए शहर में 10 दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त संसाधन भी लगाए गए हैं।
30 प्रमुख स्थानों पर होगी आकर्षक लाइटिंग
बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) आयुक्त थायगुडे स्नेहल नाना ने बताया कि शहर में सजावट और रोशनी के लिए 30 प्रमुख स्थान चिन्हित किए गए हैं। इनमें कलेक्ट्रेट, पब्लिक पार्क और प्रमुख चौराहे शामिल हैं। विभिन्न फर्मों को सजावट का कार्य सौंपा गया है।
यह कार्य 5 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है और 11 नवंबर तक सजावट एवं रोशनी की व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, शहर में पहली बार हेरिटेज मार्ग सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष लाइटिंग करवाई जाएगी।
सड़कों पर पेचवर्क का काम अंतिम चरण में
सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क की समीक्षा के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कमल किशोर खत्री ने बताया कि विभाग के अधीन शहर की सभी सड़कों पर पेचवर्क का काम पूरा कर लिया गया है। गंगाशहर और भीनासर क्षेत्र में एक-दो दिन का काम शेष है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
नगर निगम और बीडीए अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्राधिकार की सड़कों पर पेचवर्क का कार्य अंतिम चरण में होने की जानकारी दी। इसे आगामी एक-दो दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
33 स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग, अस्थायी बाजार भी बनेगा
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सीओ ट्रैफिक शालिनी बजाज और यातायात थानाधिकारी कानाराम ने बताया कि शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से 33 स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
इसके अलावा केईएम रोड के साथ अणचा बाई अस्पताल के पीछे वाली गली और राजीव गांधी मार्ग पर बीडीए के सहयोग से लाइटिंग करवाई जाएगी। यहां अस्थायी बाजार विकसित करने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि दीपावली की खरीदारी के दौरान लोगों को सुविधा मिले और यातायात प्रबंधन बेहतर बनाया जा सके।







