बीकानेर में 13 अगस्त को वीर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती, मूर्ति स्थल की बदहाली पर क्षत्रिय सभा नाराज

08 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग की ओर से आगामी 13 अगस्त 2026 को वीरवर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई जाएगी। जयंती समारोह स्थानीय वीर दुर्गादास स्टेच्यू सर्किल पर सुबह 8:15 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बीकानेर के विशिष्ट एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

युवा पीढ़ी को इतिहास से जोड़ना उद्देश्य

सभा अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने बताया कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश और समाज के महान वीर योद्धाओं के गौरवशाली इतिहास, त्याग एवं संघर्ष से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

सभा के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि जयंती समारोह में बीकानेर के विशिष्ट जनों एवं संभ्रांत नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

जर्जर सर्किल और मूर्ति स्थल को लेकर नाराजगी

प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि 30 जुलाई को नगर निगम बीकानेर के आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर वीर दुर्गादास सर्किल एवं मूर्ति स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग की गई थी। सभा का आरोप है कि सर्किल और मूर्ति स्थल की स्थिति क्षतिग्रस्त एवं जर्जर होने के बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

जयंती से पहले सभा ने खुद संभाली व्यवस्था

चौहान ने बताया कि जयंती समारोह को देखते हुए क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट की ओर से अपने स्तर पर कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं करवाई जा रही हैं। नगर निगम की उदासीनता को लेकर सभा के पदाधिकारियों ने रोष जताया है।

स्थायी सौंदर्यीकरण और मरम्मत की मांग

सभा पदाधिकारियों ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े स्मृति स्थलों का सम्मान एवं संरक्षण प्रशासन की जिम्मेदारी है। वीर दुर्गादास राठौड़ जैसे महान योद्धा की स्मृति से जुड़े स्थल की उपेक्षा दुर्भाग्यपूर्ण है।

क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट ने नगर निगम से मांग की है कि वीर दुर्गादास सर्किल एवं मूर्ति स्थल का शीघ्र स्थायी सौंदर्यीकरण और आवश्यक मरम्मत कार्य करवाया जाए, ताकि स्थल को व्यवस्थित एवं सम्मानजनक स्वरूप दिया जा सके।

Share: