चुनावी मैदान में साढ़ू भाई आमने-सामने! वार्ड 2 या 73, कौन मारेगा बाजी?

06 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। चुनावी रंगत से शहर सराबोर है। भीतरी परकोटे में चुनावी माहौल किसी मेले से कम नहीं है। तीज-त्योहारों के बीच घरों में भी चुनावी चर्चाएं चल रही हैं। परकोटे में रिश्तेदारियां भी चुनावी समीकरणों में उलझी हुई हैं और शहर के पाटों पर लोग प्रत्याशियों की जीत-हार का गणित बैठा रहे हैं।

Advertisement

एक ओर दोनों प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने जीत के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी के आला नेता कार्यकर्ताओं के साथ वार्डवार समीकरण साधने में जुटे हैं। बीकानेर के कई वार्ड ऐसे हैं, जहां रिश्तेदार ही एक-दूसरे के सामने चुनावी मैदान में हैं। इनमें वार्ड 73 के अनिल कल्ला और वार्ड 2 के संजय आचार्य का मुकाबला खास चर्चा में है। दोनों आपस में साढ़ू भाई हैं।

साढ़ू भाई अलग-अलग वार्ड से मांग रहे वोट

वार्ड 2 से संजय आचार्य चुनाव मैदान में हैं, जबकि वार्ड 73 से अनिल कल्ला अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दोनों के वार्ड अलग हैं, लेकिन रिश्तेदारी के चलते इस चुनाव में दोनों की जीत-हार को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हैं।

वार्ड 2 में संजय आचार्य के सामने भाजपा के दीपक व्यास हैं। वहीं वार्ड 73 में अनिल कल्ला के सामने भाजपा के दीपक पारीक चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में दोनों साढ़ू भाइयों के अपने-अपने वार्ड में अलग राजनीतिक समीकरण बन रहे हैं।

वार्ड 2 में 13 निर्दलीय, बढ़ी चुनौती

वार्ड 2 का चुनाव इसलिए भी दिलचस्प माना जा रहा है क्योंकि यहां बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। इस वार्ड में कुल 13 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में वोटों के बंटवारे का असर प्रमुख प्रत्याशियों के समीकरण पर पड़ सकता है।

संजय आचार्य के सामने भाजपा प्रत्याशी दीपक व्यास के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी मुकाबले में हैं। इसलिए यहां चुनावी गणित काफी उलझा हुआ नजर आ रहा है।

वार्ड 73 में बागी ने भी बढ़ाई हलचल

उधर वार्ड 73 में अनिल कल्ला के सामने भाजपा के दीपक पारीक के अलावा भाजपा के बागी आनंद जोशी और निर्दलीय डीबीडीएन भी मैदान में हैं। ऐसे में इस वार्ड में भी मुकाबला कई कोणों में बंटता नजर आ रहा है।

राजनीतिक जानकारों और स्थानीय लोगों के बीच बागी और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलने वाले वोटों को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। इन वोटों का अंतिम परिणाम पर कितना असर पड़ेगा, यह चुनाव परिणाम आने के बाद ही साफ होगा।

पाटों पर सबसे बड़ा सवाल- कौन जीतेगा?

बीकानेर के पारंपरिक पाटों और चुनावी बैठकों में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की है कि दोनों साढ़ू भाइयों में कौन जीत हासिल करेगा और कौन पिछड़ जाएगा। इतना ही नहीं, लोगों की दिलचस्पी इस बात में भी है कि दोनों में से किसे ज्यादा मत मिलते हैं।

हालांकि दोनों अलग-अलग वार्डों से चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए दोनों के बीच सीधा मुकाबला नहीं है। लेकिन रिश्तेदारी और दोनों के चुनावी समीकरणों के कारण यह मुकाबला शहर की चर्चाओं का हिस्सा जरूर बन गया है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड 2 में संजय आचार्य और वार्ड 73 में अनिल कल्ला अपने-अपने वार्ड में बाजी मार पाते हैं या नहीं। असली तस्वीर चुनाव परिणाम आने के बाद ही साफ होगी।

Share: