फर्जी फाइनेंस एजेंट बनकर किसान से की ठगी - किस्त बकाया बताकर दी धमकी, मुकदमा दर्ज

02 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में फर्जी फाइनेंस एजेंट बनकर किसान से ₹16 हजार की ऑनलाइन ठगी

बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने फर्जी फाइनेंस एजेंट बनकर एक किसान से धमकाकर ऑनलाइन रुपये वसूलने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों ने वाहन की किस्त और पेनल्टी बकाया होने का झांसा देकर किसान को डराया और अलग-अलग फोन-पे खातों में कुल 16 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर जिले के घड़साना क्षेत्र निवासी अशोक कुमार (33) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 22 जुलाई की शाम बीकानेर मंडी से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान शोभासर रोड पर डूडी पेट्रोल पंप के आगे दो कैंपर वाहनों में आए लोगों ने उसकी गाड़ी रुकवा ली।

आरोपियों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसकी गाड़ी की किस्त और पेनल्टी बकाया है तथा वाहन जब्त कर लिया जाएगा। किसान के विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया और पहले 15 हजार रुपये तथा बाद में रसीद भेजने के नाम पर 1 हजार रुपये फोन-पे के जरिए ट्रांसफर करवा लिए।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह रास्ते में अकेला था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उससे ठगी की। मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल लखविंद्र सिंह को सौंपी है।

Share: