बीकानेर में अस्पतालों के आसपास खाद्य विभाग की कार्रवाई, 4 सैंपल लिए
बीकानेर। सरकारी और निजी अस्पतालों के आसपास संचालित कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय और रेस्टोरेंट की जांच के लिए खाद्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को बीकानेर में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान चार खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर 24 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रदेशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अस्पतालों और उनके आसपास खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों की स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, भंडारण और लाइसेंस सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।
कर्णी जूस सेंटर पर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक मिली
25 सितंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेडिकल कॉलेज रोड स्थित श्री कर्णी जूस सेंटर का औचक निरीक्षण किया। यहां 10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक और एक बोतल कलर मिलने पर इन्हें मौके पर नष्ट करवाया गया। टीम ने सड़े-गले फलों को भी मौके पर नष्ट करवाया।
तीन दुकानों को नोटिस
भानु टी स्टॉल और गणेश कचौरी वाला के निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस, फूड हैंडलर की मेडिकल जांच रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला। दोनों प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए मौके पर नोटिस जारी किए गए।
पीबीएम परिसर से दूध, दाल और समोसे के सैंपल
दूसरी टीम ने पीबीएम अस्पताल परिसर में जयपुर ट्रेडिंग कंपनी, पवन भोजनालय और जोधपुर शाही नमकीन का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से दूध, दाल और समोसे के सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य विभाग के अनुसार अभियान के दौरान कुल 4 नमूने लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कैंटीन संचालकों को दिए निर्देश
खाद्य विभाग की टीम ने कैंटीन और भोजनालय संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता, खाद्य भंडारण, खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता और परिसर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता तथा कच्चे और पके खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव की भी सख्ती से पालना करने को कहा गया।
कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह गहलोत, सुरेन्द्र कुमार, राकेश गोदारा, निशांत चारण, सोना रानी, इन्द्रजीत ढाका और महावीर मेघवाल की टीमों ने की।






