पेशाब करने उठा था व्यक्ति, अचानक पैर फिसला और छत से गिरने से मौत
बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र के राणसर गांव में रात के समय छत से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना 22 सितंबर की रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान धनपत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में छत से नीचे गिरा
पुलिस के अनुसार मृतक के भाई प्रेम सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि धनपत सिंह रात के समय पक्के मकान की छत पर सो रहा था। देर रात वह पेशाब करने के लिए उठा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गया।
हादसे में धनपत सिंह के गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे उपचार के लिए ले जाने का प्रयास करते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
गजनेर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।






