Bikaner News: गजनेर पुल पर बस ने पैदल जा रही महिला को कुचला, मौके पर मौत
बीकानेर। बीकानेर शहर के गजनेर पुलिया के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला पैदल गजनेर पुल क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बाइक सवार युवक भी हुआ घायल
हादसे के दौरान बस ने एक बाइक सवार युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे गजनेर पुल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस और नया शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।
बस चालक वाहन सहित फरार
हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार बस और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतका के शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक मृतका और घायल युवक की पहचान सामने नहीं आई है।




