बहन के ससुराल पक्ष से विवाद में युवक पर हमला, सिर-आंख और पैरों में चोट

14 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में कोचर सर्किल पेट्रोल पंप के पास एक युवक के साथ मारपीट करने और उसका मोबाइल फोन तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर गंगाशहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

पेट्रोल पंप के पास युवक से मारपीट का आरोप

पुलिस को दी रिपोर्ट में परमेश्वर सोनी (26) पुत्र संतोष कुमार सोनी, निवासी चोपड़ा बाड़ी, गंगाशहर ने बताया कि वह 13 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे कोचर सर्किल पेट्रोल पंप के पास खड़ा था। इसी दौरान उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचे।

परिवादी के अनुसार बनवारी सोनी, प्रवीण सोनी, जेकी सोनी, गणेश सोनी, ऋतिक सोनी और दीपू सोनी सहित 10 से 15 अन्य लोग मौके पर पहुंचे और कथित रूप से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

लोहे के हथियार और चाकू से धमकाने का आरोप

परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने लोहे के हथियार से उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर, आंख और पैरों में चोटें आईं। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ आरोपी चाकू लेकर आए थे और उसे डराया-धमकाया।

मारपीट के दौरान iPhone 15 Plus तोड़ने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका Apple iPhone 15 Plus भी तोड़ दिया गया। परिवादी ने टूटा हुआ मोबाइल फोन पुलिस के समक्ष पेश किया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस के अनुसार परिवादी के नजरी मुलाहिजा के दौरान दाहिनी आंख पर ताजा चोट का निशान पाया गया। इसके अलावा उसने सिर और दोनों पैरों में दर्द होना बताया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

मामले की जांच मदनलाल द्वारा की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share: