स्वर्णकार से 5 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप, रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण पर केस
बीकानेर। बीकानेर के एक स्वर्णकार व्यवसायी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप सामने आया है। इस संबंध में धर्मनगर द्वार निवासी व्यवसायी ने नयाशहर थाने में रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
विदेशी नंबर से आया व्हाट्सएप कॉल
पुलिस को दी रिपोर्ट में व्यवसायी ने बताया कि 26 सितंबर की शाम करीब 4:52 बजे वीरेंद्र चारण के नाम से विदेशी नंबर की व्हाट्सएप आईडी से उसे करीब एक मिनट का वॉयस कॉल आया। इसके करीब तीन मिनट बाद 4:55 बजे एक वॉयस मैसेज भेजा गया। रिपोर्ट के अनुसार, इसी मैसेज में 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई।
व्यवसायी ने आरोप लगाया कि वॉयस मैसेज में आरोपी ने खुद और अपने साथियों के बारे में बताते हुए संगठित गैंग बनाने तथा गैंग के नाम पर भय का माहौल बनाकर वसूली करने की बात कही।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
व्यवसायी की रिपोर्ट पर नयाशहर पुलिस ने रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल और वॉयस मैसेज से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
मामले की जांच नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।







