जूनागढ़ किले के सामने तीन मंदिरों में चोरी, नकदी और आभूषण ले गए चोर
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर के प्रमुख पर्यटन स्थल जूनागढ़ किले के सामने स्थित तीन मंदिरों को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। देर रात अज्ञात बदमाशों ने संतोषी माता, हनुमानजी और अंजनी माता मंदिर के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने नकदी, चांदी के छत्र, सोने की नथ और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए।
घटना का पता सुबह उस समय चला, जब पुजारी विमल गौतम नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। टूटे हुए ताले और अस्त-व्यस्त सामान देखकर उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी और लिखित रिपोर्ट सौंपी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों मंदिरों का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस चोरी गए सामान का आकलन करने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।
डेढ़ साल बाद फिर चोरों के निशाने पर मंदिर
इन मंदिरों में पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले हुई चोरी का मामला अब तक अनसुलझा बताया जा रहा है। ऐसे में दोबारा तीनों मंदिरों में सेंध लगने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि व्यस्त और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में मंदिर सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य स्थानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता होना स्वाभाविक है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में चोरी की घटना रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फुटेज की जांच कर संदिग्धों की गतिविधियों और पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दिनभर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गुलजार रहने वाले इलाके में एक साथ तीन मंदिरों में चोरी से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।






