बीकानेर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला, परिवार पर मारपीट का आरोप
बीकानेर। कालू थाना क्षेत्र के शेखसर गांव में जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने पड़ोसी परिवार पर घर में घुसकर मारपीट करने और कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।
दीवार फांदकर घर में घुसने का आरोप
शेखसर निवासी अशोकदास स्वामी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि यह घटना 24 जून को हुई। आरोप है कि सुबह पड़ोसी लालदास स्वामी पुत्र मोहनदास अपनी पत्नी कलावती देवी और बेटियों ज्योति व दिव्या के साथ दीवार फांदकर उनके घर में घुस आए।
पीड़ित का आरोप है कि घर में घुसने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की गई। इसी दौरान लालदास ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
समाज के लोगों ने कराया था समझौते का प्रयास
अशोकदास ने बताया कि घटना के बाद समाज के कुछ लोगों ने दोनों पक्षों में राजीनामा करवाने का प्रयास किया, जिसके चलते वह तत्काल थाने नहीं जा सका। बाद में 25 जून को कालू थाना पहुंचकर उसने मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
कालू थाना पुलिस ने घायल अशोकदास का मेडिकल करवाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




