बीकानेर: सरपंच चुनाव परिणाम आते ही बवाल, केला गांव में पत्थरबाजी; कई पुलिसकर्मी घायल, 50 से अधिक हिरासत में
बीकानेर: बीकानेर जिले के छतरगढ़ उपखंड के ग्राम केला में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होते ही दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जमीला ने 34 वोटों से दर्ज की जीत
जानकारी के अनुसार, छतरगढ़ पंचायत समिति के ग्राम केला में सरपंच पद के लिए जमीला और इकबाल के बीच मुख्य मुकाबला था। देर रात मतगणना पूरी होने के बाद जमीला को 34 वोटों से विजयी घोषित किया गया। परिणाम सामने आने के बाद समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में पथराव में बदल गया।
पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल
चुनाव परिणाम के बाद गांव में अचानक तनाव बढ़ गया। दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी भी इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घायलों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद हालात को नियंत्रित किया गया।
50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपखंड अधिकारी पवन कुमार और छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह ने पुलिस बल के साथ स्थिति संभाली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीएल मीणा और आरपीएस ममता सारस्वत भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो रिकॉर्डिंग और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर पुलिस की तैनाती जारी है।
Aapni Awaj | Bikaner News






