थाने से गायब हुई दिल्ली पुलिसकर्मी की बाइक मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ड्राइवर निलंबित
बीकानेर। दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की खाजूवाला थाने से गायब हुई बाइक और बाद में सुनसान स्थान पर मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में थाने के ही ड्राइवर की भूमिका सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने उसे निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल अनिल यादव ने करीब दो-ढाई माह पहले सुरक्षा कारणों से अपनी बाइक खाजूवाला थाने में खड़ी की थी। उन्होंने थाने में अपने परिचित को भी इसकी जानकारी दी थी।
दिल्ली से वापस लौटने पर अनिल यादव की बाइक थाना परिसर से गायब मिली। इसके बाद खाजूवाला क्षेत्र के चक 3 बीजीएम गुल्लूवाली निवासी अनिल ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। कुछ दिन बाद बाइक अचानक एक सुनसान स्थान पर खड़ी मिली।
मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभागीय जांच शुरू की गई। जांच में प्रथम दृष्टया खाजूवाला थाने के ड्राइवर रामकुमार की भूमिका सामने आई। आरोप है कि उसने बिना अनुमति थाना परिसर में खड़ी बाइक का मूवमेंट किया।
बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने ड्राइवर रामकुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है। मामले की विभागीय जांच सीओ खाजूवाला आकांक्षा चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।




