बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र के खारा औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी एक मजदूर के रूप में हुई है, जो खारा औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता था। उसका शव सड़क किनारे लगभग 20 से 30 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला।
पुलिस की शुरुआती जांच में अत्यधिक नशे के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला नशे की ओवरडोज से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलने पर बीछवाल थानाधिकारी दिग्पाल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



