बीकानेर में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर एनएसयूआई का प्रदर्शन, हाईवे जाम कर जलाए टायर
बीकानेर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार को डूंगर कॉलेज के बाहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जयपुर नेशनल हाईवे पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन में एनएसयूआई नेता श्रीकिशन गोदारा और गिरधारी कूकणा सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने की मांग की।
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया। कुछ समय तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद यातायात सामान्य हो गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी छात्रसंघ चुनाव के मुद्दे को लेकर पुलिस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो चुकी है। सोमवार के प्रदर्शन के दौरान संगठन के भीतर गुटबाजी भी खुलकर सामने आई। एनएसयूआई के दो अलग-अलग धड़ों ने अलग-अलग स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन किया, जिससे संगठन की अंदरूनी खींचतान भी उजागर हुई।



