बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के किसमीदेसर में जमीन विवाद को लेकर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद के दौरान बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्टे के बावजूद निर्माण कराने का आरोप
पुलिस के अनुसार किसमीदेसर निवासी गुड़िया गहलोत पत्नी कन्हैयालाल गहलोत ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादिया ने बताया कि उसके ससुर छगनलाल का खसरा नंबर 1225/533 की 0.2500 हेक्टेयर भूमि में हिस्सा है। इस भूमि को लेकर विवाद चल रहा है तथा सहायक कलेक्टर, बीकानेर शहर द्वारा इस पर स्टे आदेश भी जारी किया गया है।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला
रिपोर्ट के अनुसार 18 जुलाई को जब छगनलाल और परिवार के सदस्य जमीन पर पहुंचे तो वहां सांवरलाल, उसकी पत्नी कांता, पुत्र दीपक, शुभम तथा पुत्रियां भावना, आरती और कविता निर्माण कार्य कर रहे थे। स्टे आदेश का हवाला देकर निर्माण रोकने की बात कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पैर में हुआ फ्रैक्चर, महिला से भी धक्का-मुक्की
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान छगनलाल को धक्का देकर गिरा दिया गया और उनके पैर पर लाठी से वार किया गया। बाद में ट्रॉमा सेंटर में जांच के दौरान उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। वहीं परिवादिया के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने तथा उसका मंगलसूत्र गिर जाने का आरोप लगाया गया है, जो बाद में वापस मिल गया।
सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
गंगाशहर थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर सांवरलाल सहित सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सवाई सिंह को सौंपी गई है।




