बीकानेर कोतवाली में अधिवक्ता से मारपीट का आरोप, कान का पर्दा फटने की शिकायत

01 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर कोतवाली में अधिवक्ता से मारपीट का आरोप, कान का पर्दा फटने की शिकायत

बीकानेर। सीटी कोतवाली थाने में अधिवक्ता द्वारका प्रसाद चावला के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। मामले को लेकर बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य कुलदीप कुमार शर्मा सहित बार से जुड़े पदाधिकारियों को शिकायत दी गई है। शिकायत में पुलिसकर्मियों पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं।

Advertisement

एचएम कार्यालय में ले जाकर मारपीट का आरोप

अधिवक्ता की शिकायत के अनुसार वे 27 सितंबर की सुबह अपने भाई के साथ सीटी कोतवाली पहुंचे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाने में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें एचएम कार्यालय में ले गए। वहां उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई।

शिकायत में पुलिसकर्मियों पर थप्पड़ मारने, बाल खींचने और मुक्के मारने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।

बाएं कान का पर्दा फटने की शिकायत

अधिवक्ता ने शिकायत में बताया कि कथित मारपीट के दौरान उनके बाएं कान पर जोर से थप्पड़ मारा गया। इसके बाद कान में दर्द होने और सुनाई देना बंद होने की शिकायत हुई। उनका आरोप है कि थाने में मेडिकल नहीं करवाया गया, जिसके बाद उन्होंने पीबीएम अस्पताल के नाक-कान-गला विभाग में जांच करवाई। शिकायत के अनुसार जांच में बाएं कान का पर्दा फटने की बात सामने आई।

एसपी को भेजा पत्र

मामले में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के कार्यवाहक सचिव विकास ढाका ने 30 सितंबर 2026 को बीकानेर पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा। पत्र में अधिवक्ता की ओर से पुलिसकर्मियों पर शारीरिक हमला किए जाने की शिकायत का उल्लेख करते हुए मामले की व्यक्तिगत रूप से जांच कराने और आरोपों की शीघ्र जांच करवाने का अनुरोध किया गया है।

पत्र में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की मांग

अधिवक्ता की शिकायत में सीटी कोतवाली थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया गया है। शिकायतकर्ता की ओर से घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने की मांग की गई है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Advertisement
Share: