बीकानेर: कुम्हारवाला सहकारी समिति के व्यवस्थापक से मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप, तीन लोगों पर केस दर्ज

31 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: कुम्हारवाला सहकारी समिति के व्यवस्थापक से मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप, तीन लोगों पर केस दर्ज

बीकानेर। कुम्हारवाला गांव की सहकारी समिति के व्यवस्थापक के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। व्यवस्थापक रामदेव खटीक ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ पूगल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

यूरिया खाद वितरण के दौरान हुआ विवाद

परिवादी रामदेव पुत्र भैरूलाल खटीक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 27 अक्टूबर को समिति में किसानों को यूरिया खाद का वितरण किया जाना था। इसकी सूचना पहले ही ग्रामवासियों और किसानों को दे दी गई थी। रामदेव के अनुसार, घर पर आवश्यक कार्य होने और रास्ते में एक कार्यक्रम में बुलाए जाने के कारण उन्हें समिति पहुंचने में करीब 10 से 15 मिनट की देरी हो गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, जब वे समिति पहुंचे तो कुम्हारवाला निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र घनश्याम सिंह, जगमाल सिंह पुत्र घनश्याम सिंह और घनश्याम सिंह पुत्र बाबूसिंह समिति के गेट पर खड़े थे। परिवादी का आरोप है कि तीनों ताला खोलने में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। समझाने का प्रयास करने पर वे झगड़े पर उतारू हो गए।

मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

रामदेव ने आरोप लगाया कि तीनों व्यक्तियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया। साथ ही गाड़ी से टक्कर मारने और रास्ते में अकेला मिलने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया।

परिवादी ने रिपोर्ट में कहा कि घटना के कारण उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा का भय है। उनका आरोप है कि विवाद के चलते किसानों के लिए निर्धारित यूरिया खाद वितरण का कार्य भी प्रभावित हुआ।

सीओ को सौंपी गई जांच

पुलिस ने रामदेव खटीक की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच खाजूवाला सीओ विजयपाल आरपीएस को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Aapni Awaj | Bikaner Crime News

Advertisement
Share: