बीकानेर। बीकानेर के सदर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन दिलाने का झांसा देकर हड़पी रकम
पुलिस के अनुसार नागौर जिले के मीठड़ी निवासी रणजीतराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपियों ने उसे जमीन बेचने का झूठा झांसा दिया। विश्वास में लेकर उससे लाखों रुपये ले लिए, लेकिन न तो जमीन का सौदा पूरा किया और न ही उसकी राशि लौटाई।
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत उसके साथ धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में सगुनाराम पुत्र चुनाराम मेघवाल निवासी बीनादेसर, बागाराम पुत्र खेताराम नायक निवासी 23 केएनडी, 14 बीडी तथा आइदानाराम पुत्र मजूनाराम निवासी चक 2 एडब्ल्यूएम, आवा (छत्तरगढ़) को नामजद किया है।
एएसआई तनेराव सिंह कर रहे जांच
परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई तनेराव सिंह को सौंपी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपों की सत्यता और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।




