बीकानेर मेयर चुनाव का सस्पेंस खत्म: कांग्रेस से अनिल कल्ला, BJP से सुरेंद्र सिंह शेखावत आज भरेंगे पर्चा
बीकानेर। नगर निगम में मेयर पद को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। महापौर चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। कांग्रेस की ओर से अनिल कल्ला और भाजपा की ओर से सुरेंद्र सिंह शेखावत आज महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। दोनों प्रत्याशियों के पास अपने-अपने दलों का अधिकृत सिंबल भी पहुंच चुका है।
अनिल कल्ला सुबह 11.15 बजे भरेंगे नामांकन
कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला बीकानेर पहुंच चुके हैं। वे आज सुबह 11.15 बजे नगर निगम परिसर में महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस खेमे में नामांकन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भाजपा प्रत्याशी दोपहर में दाखिल करेंगे पर्चा
भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह शेखावत देर रात अपना अधिकृत सिंबल लेकर जोधपुर से बीकानेर पहुंचे। वे आज दोपहर में महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।
वहीं, सूत्रों के अनुसार दोपहर तक एक-दो पार्षद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। कांग्रेस पार्षद नवरतन डागा के नामांकन दाखिल करने की भी चर्चा है। ऐसे में नामांकन के आखिरी दिन नगर निगम परिसर में राजनीतिक गहमागहमी रहने की संभावना है।
20 सितंबर तक बाड़ेबंदी में रहेंगे पार्षद
महापौर चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर रखी है। कांग्रेस के पार्षद जैसलमेर में, जबकि भाजपा के पार्षद जोधपुर में प्रवास कर रहे हैं। दोनों दल अपने पार्षदों को 20 सितंबर तक बाड़ेबंदी में रखेंगे।
21 सितंबर को होगा महापौर का फैसला
बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस के पास 42 पार्षदों का स्पष्ट बहुमत है। इसके बावजूद भाजपा की नजर निर्दलीय पार्षदों के साथ संभावित क्रॉस वोटिंग पर है। दूसरी ओर कांग्रेस भी अपने पार्षदों को एकजुट रखने में जुटी हुई है।
अब सभी की नजर 21 सितंबर पर है। इसी दिन महापौर पद के लिए मतदान होगा और मतदान के बाद बीकानेर नगर निगम को नया महापौर मिलेगा।
आज का शेड्यूल:
- कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला का नामांकन — सुबह 11.15 बजे
- भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह शेखावत का नामांकन — दोपहर में
- नामांकन की अंतिम तारीख — 16 सितंबर
- नामांकन पत्रों की संवीक्षा — 17 सितंबर
- नाम वापसी — 18 सितंबर
- चुनाव चिह्न आवंटन — 19 सितंबर
- मतदान — 21 सितंबर




