बीकानेर ब्रेकिंग: अनिल कल्ला आज 11.15 बजे भरेंगे मेयर का पर्चा, 28 पार्षदों ने जताई सहमति!

16 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर ब्रेकिंग: अनिल कल्ला आज 11.15 बजे भरेंगे मेयर का पर्चा, 28 पार्षदों ने जताई सहमति!

बीकानेर। नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर आज नामांकन का आखिरी दिन है। नगर निगम परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसी बीच कांग्रेस खेमे से बड़ी खबर सामने आई है।

जानकारी के अनुसार वार्ड 73 के कांग्रेस पार्षद अनिल कल्ला आज सुबह 11.15 बजे महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस की ओर से महापौर पद के प्रत्याशी को लेकर तस्वीर साफ होती नजर आ रही है।

28 पार्षदों ने अनिल कल्ला के नाम पर जताई सहमति

सूत्रों के अनुसार मंगलवार को एक रिसोर्ट में कांग्रेस की बाड़ेबंदी में शामिल सभी पार्षदों से पार्टी के पर्यवेक्षक ने एक-एक करके बातचीत की। इस दौरान महापौर पद के संभावित नाम को लेकर राय जानी गई।

बताया जा रहा है कि 28 पार्षदों ने अनिल कल्ला के नाम पर सहमति जताई। इसके बाद अनिल कल्ला के आज नामांकन दाखिल करने की जानकारी सामने आई है।

भाजपा भी उतारेगी प्रत्याशी

महापौर चुनाव में भाजपा की ओर से भी प्रत्याशी उतारने की तैयारी है। भाजपा खेमे से सुरेंद्र सिंह शेखावत का नाम सामने आ रहा है। हालांकि भाजपा की ओर से प्रत्याशी के नाम की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

आज नामांकन का आखिरी दिन

महापौर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हुई थी। आज 16 सितंबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। इसके बाद 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और 18 सितंबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे।

19 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा, जबकि 21 सितंबर को महापौर पद के लिए मतदान कराया जाएगा। ऐसे में आज होने वाले नामांकन के साथ बीकानेर महापौर चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।

Share: