बीकानेर में नालों की गंदगी से परेशान लोग, 7 दिन का अल्टीमेटम; रास्ता रोक आंदोलन की चेतावनी

18 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में नालों की गंदगी से परेशान लोग, 7 दिन का अल्टीमेटम; रास्ता रोक आंदोलन की चेतावनी

बीकानेर: मुरलीधर व्यास कॉलोनी के मौसम विभाग रोड पर नालों की बदहाल स्थिति और सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र के नाले लंबे समय से बंद पड़े हैं और कई जगह टूटे हुए हैं। सफाई नहीं होने से गंदा पानी बाहर फैल रहा है, जबकि आसपास झाड़ियां उगने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।

Advertisement

गंदगी और मच्छरों से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, गंदगी और मच्छरों के कारण घरों के बाहर बैठना मुश्किल हो गया है। बच्चों को खेलने में परेशानी हो रही है और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। क्षेत्र में मंडल की महिलाएं और पुरुष रात के समय पाटों पर बैठते हैं तथा महिलाएं भजन संध्या करती हैं, लेकिन गंदगी के कारण उन्हें भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

पुस्तकालय आने वाली छात्राएं भी परेशान

क्षेत्र में लड़कियों के लिए संचालित पुस्तकालय में भी गंदगी और बदबू की समस्या बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके कारण पढ़ने आने वाली छात्राओं को बैठने में परेशानी होती है।

नगर निगम और बीडीए से कार्रवाई की मांग

लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।

सात दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सात दिन का समय देते हुए नालों की सफाई करवाने, टूटे नालों की मरम्मत कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे रास्ता रोककर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Advertisement
Share: