रांका का टिकट कटा ही नहीं! भाजपा चुनाव प्रभारी महावीर राज सैनी ने साफ की पूरी तस्वीर

01 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। बीकानेर नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण के बाद चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच भाजपा के निकाय चुनाव प्रभारी महावीर राज सैनी ने बड़ा बयान देकर महावीर रांका के टिकट को लेकर चल रही अटकलों पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। सैनी ने साफ कहा कि महावीर रांका का टिकट काटने का सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि वे पार्टी की फाइनल सूची में शामिल ही नहीं थे।

Advertisement

टिकट काटने का सवाल ही नहीं- सैनी

महावीर राज सैनी ने कहा कि टिकट तभी काटा हुआ माना जाता है, जब किसी व्यक्ति को पहले पार्टी की ओर से टिकट दिया जाए और बाद में उसका टिकट वापस लेकर किसी दूसरे प्रत्याशी को दे दिया जाए। उन्होंने कहा कि महावीर रांका के मामले में ऐसा नहीं हुआ है।

सैनी के अनुसार महावीर रांका ने अन्य कार्यकर्ताओं की तरह पार्टी से टिकट के लिए आवेदन किया था। पार्टी में टिकट के लिए आवेदन करना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी संगठन और चयन प्रक्रिया के आधार पर करता है।

रांका पार्टी के शानदार और समर्पित कार्यकर्ता

भाजपा चुनाव प्रभारी ने कहा कि महावीर रांका पार्टी के शानदार और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन के निर्णय को पूरे सम्मान के साथ स्वीकार किया है और पार्टी से उनकी किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है।

सैनी ने कहा कि रांका की ओर से भी संगठन के फैसले का सम्मान करते हुए सकारात्मक बयान सामने आया है। टिकट वितरण के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के बीच इस बयान को भाजपा की ओर से स्थिति स्पष्ट करने के रूप में देखा जा रहा है।

एक-एक कार्यकर्ता और मतदाता तक पहुंचेगी भाजपा

महावीर राज सैनी ने कहा कि इस बार बीकानेर नगर निगम का चुनाव ऐतिहासिक होने जा रहा है। पार्टी संगठन स्तर पर एक-एक कार्यकर्ता तक पहुंच चुकी है और अब अगले चरण में एक-एक मतदाता तक पहुंचने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद यदि किसी कार्यकर्ता में टिकट को लेकर नाराजगी है तो उसे दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर संवाद करेंगे और सभी को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।

नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की तैयारी

टिकट वितरण के बाद कई वार्डों में कार्यकर्ताओं की नाराजगी और विरोध की चर्चाओं के बीच भाजपा अब संगठन को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है। सैनी ने विश्वास जताया कि अंतिम सूची सामने आने के बाद पार्टी के भीतर किसी प्रकार का बड़ा विरोध नहीं रहेगा और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में भाजपा की जीत के लिए काम करेंगे।

बीकानेर नगर निगम चुनाव में अब प्रत्याशियों के नाम लगभग तय होने के बाद राजनीतिक दलों का पूरा फोकस प्रचार और मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर है। ऐसे में महावीर रांका के टिकट को लेकर भाजपा चुनाव प्रभारी का बयान राजनीतिक चर्चाओं के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share: