बीकानेर में 10 साल बाद कांग्रेस का कब्जा, 42 सीटें जीतीं; भाजपा 25 पर सिमटी
बीकानेर। दस साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नगर निगम बीकानेर में कांग्रेस एक बार फिर सत्ता पर काबिज होने में कामयाब हो गई है। 79 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। भाजपा को 25 सीटों पर जीत मिली, जबकि 11 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं रालोपा ने भी एक सीट जीतकर निगम में अपना खाता खोला है।
शहर की सबसे हॉट सीट मानी जा रही वार्ड 73 में कांग्रेस के अनिल कल्ला ने भाजपा उपाध्यक्ष दीपक पारीक को 800 से ज्यादा वोटों से मात दी। वहीं पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित को कांग्रेस की किरण भाटी ने करीब 400 वोटों से हराया।
भाजपा के दिग्गजों को बड़ा झटका
नगर निगम चुनाव के नतीजों में भाजपा सांसद अर्जुन राम मेघवाल के कई दिग्गज और उनके परिवार से जुड़े प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। इनमें एडवोकेट अशोक प्रजापत, सुशीला कंवर राजपुरोहित, भूपेन्द्र शर्मा, श्रीगोपाल अग्रवाल, दीपक पारीक, किशोर आचार्य, मोहन सुराणा की पत्नी, सरिता नाहटा और मुकेश बन प्रमुख हैं।
वहीं कांग्रेस के कई प्रमुख चेहरे चुनाव जीतने में सफल रहे। इनमें पूर्व महापौर मकसूद अहमद, चेतना डोटासरा, दिलीप बांठिया, जावेद पडिहार और धर्मवीर नाहटा शामिल हैं। हालांकि पिछले करीब 30 साल से लगातार चुनाव जीत रहे परमानंद गहलोत को इस बार हार का सामना करना पड़ा।
वार्ड 37 में श्याम सिंह हाडलां की बड़ी जीत
वार्ड 37 का नतीजा भी खास चर्चा में रहा। यहां भाजपा के श्याम सिंह हाडलां ने बड़ी जीत दर्ज की। खास बात यह है कि उनकी पत्नी पहले तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। इस बार श्याम सिंह हाडलां खुद चुनाव मैदान में उतरे और शानदार जीत दर्ज की। उनकी जीत को क्षेत्र में हाडलां परिवार के मजबूत जनाधार से जोड़कर देखा जा रहा है।
बीकानेर पश्चिम में कांग्रेस का दबदबा
बीकानेर पश्चिम के 39 वार्डों में कांग्रेस ने 23 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस के विजयी वार्डों में 1, 4, 17, 18, 21, 24, 25, 27, 41, 42, 45, 46, 55, 56, 58, 60, 62, 73, 74, 75, 78, 79 और 80 शामिल हैं।
भाजपा ने पश्चिम में 10 सीटें जीतीं। उसके विजयी वार्ड 2, 3, 19, 20, 43, 57, 59, 61, 71 और 76 रहे। पांच वार्डों 22, 26, 44, 63 और 72 में निर्दलीय प्रत्याशी जीते, जबकि वार्ड 23 में रालोपा ने जीत दर्ज की।
बीकानेर पूर्व में भी कांग्रेस आगे
बीकानेर पूर्व के 41 वार्डों में कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें वार्ड 5, 7, 14, 15, 16, 29, 30, 35, 38, 39, 47, 48, 50, 53, 54, 64, 65, 66 और 77 शामिल हैं।
भाजपा ने पूर्व में 17 सीटें जीतीं। उसके विजयी वार्ड 6, 8, 9, 12, 13, 31, 33, 34, 36, 37, 40, 51, 52, 67, 68, 69 और 70 रहे। वहीं वार्ड 10, 11, 28, 32 और 49 में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए।
एक पूर्व महापौर जीता, एक की हार
परिणामों में पूर्व महापौर मकसूद अहमद ने वार्ड 18 से जीत दर्ज की, जबकि पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित चुनाव हार गईं। 2019 में पार्षद रहे रमजान कच्छावा, वसीम फिरोजी, शिवशंकर बिस्सा, प्रफुल्ल हटीला, परमानंद गहलोत, किशोर आचार्य और नंद किशोर गहलोत को भी हार का सामना करना पड़ा।
वहीं मनोज विश्नोई, चेतना डोटासरा, विनोद धवल, जावेद पडिहार, प्रतीक स्वामी, पुनीत शर्मा, अब्दुल वाहिद, नंदलाल जावा, दुर्गादास छंगाणी, जुलेखा और अकबर खादी दोबारा पार्षद बनने में सफल रहे।
जावेद पडिहार चौथी बार पार्षद
इस चुनाव में कई नेताओं ने लगातार तीसरी और चौथी बार जीत दर्ज की। जावेद पडिहार ने लगातार चौथी बार जीत हासिल की। दुर्गादास छंगाणी, नंदलाल जावा, लक्ष्मी देवी और विनोद धवल तीसरी बार पार्षद चुने गए। वहीं मनोज विश्नोई, चेतना डोटासरा, अकबर खादी, गिरिराज जोशी, प्रतीक स्वामी, उम्मेद सिंह, भगवती प्रसाद, धर्मवीर नाहटा, जुलेखा, पुनीत शर्मा और अब्दुल वाहिद दूसरी बार पार्षद चुने गए।
विधायक की सिफारिश वाले ज्यादातर प्रत्याशी हारे
नतीजों में एक और चर्चा का विषय भाजपा विधायक जेठानंद व्यास की सिफारिश से टिकट पाने वाले कई प्रत्याशियों की हार रही। इनमें किशन चौधरी, विशाल गोलछा, सुमन जोशी, किरण जोशी, जसोदा ओझा, सतीश किराडू, आसकरण ओझा, दीनदयाल स्वामी, दीपक जाजड़ा, मुकेश ओझा, माणक सेन, मुरली पंवार, टेकचंद गहलोत, रामदयाल पंचारिया, शशिकांत गहलोत, महेन्द्र वाल्मिकी और कमला देवी चांडक शामिल हैं।
अब महापौर की कवायद शुरू
नगर निगम में बहुमत हासिल करने के बाद अब कांग्रेस में महापौर पद को लेकर कवायद शुरू हो गई है। मकसूद अहमद, मनोज विश्नोई, नवरतन डागा और धर्मवीर नाहटा के नाम चर्चा में हैं। वहीं वार्ड 73 में बड़ी जीत दर्ज करने वाले युवा नेता अनिल कल्ला को भी महापौर की दौड़ में माना जा रहा है। हालांकि अभी कांग्रेस में महापौर के नाम पर अंतिम सहमति नहीं बनी है।
मतगणना की पूरी व्यवस्था
सोमवार सुबह 8 बजे बीकानेर के राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में ईवीएम की मतगणना शुरू हुई। जिले की सात नगरीय निकायों में कुल 4,54,069 वोट पड़े थे। मतगणना के लिए 13 काउंटिंग रूम में 85 टेबल लगाई गईं। इनमें बीकानेर नगर निगम के लिए पांच कमरों में 43 टेबल, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ में 10-10, लूणकरणसर में 7 तथा नापासर, देशनोक और खाजूवाला में 5-5 टेबल निर्धारित की गई थीं।




