बीकानेर में 28 वर्षीय युवती संदिग्ध हालात में लापता, बाइक सवार दो लोगों के साथ जाने की बात

07 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती 4 अक्टूबर की रात करीब 3 बजे घर से बाहर निकली थी। पड़ोसी ने उसे बाहर जाते देखा। कुछ दूरी पर दो लोगों के साथ एक मोटरसाइकिल खड़ी होने की बात भी सामने आई है। इसके बाद से युवती का मोबाइल बंद है और उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

Advertisement

रात 3 बजे घर से बाहर निकली युवती

पुलिस के अनुसार मुरलीधर व्यास कॉलोनी के पास रहने वाले 63 वर्षीय व्यक्ति ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार 4 अक्टूबर की रात परिवार के सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे। रात करीब 3 बजे पड़ोसी किसी काम से उठा तो उसने युवती को घर से बाहर जाते हुए देखा। कुछ दूरी पर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे।

रिपोर्ट के अनुसार पड़ोसी परिवार को इसकी जानकारी देने पहुंचता, उससे पहले ही मोटरसाइकिल सवार युवती के साथ करमीसर की तरफ चले गए। इसके बाद पड़ोसी ने घर का गेट बजाकर परिजनों को जगाया।

मोबाइल बंद मिला, कई जगह तलाश

परिजनों ने युवती के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार ने रेलवे स्टेशन, मुख्य बस स्टैंड, गंगानगर चौराहा, म्यूजियम सर्किल सहित अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

अलमारी से 3 लाख रुपए भी गायब

घर लौटने के बाद परिजनों ने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे 3 लाख रुपए भी गायब मिले। रिपोर्ट के अनुसार इन रुपयों की जानकारी और अलमारी की चाबी युवती के पास थी। युवती अपना मोबाइल फोन, वोटर आईडी सहित अन्य दस्तावेज भी साथ ले गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर लगातार युवती की तलाश की। युवती की मां और भाई घटना के समय बाहर गए हुए थे, जिन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी गई। 6 अक्टूबर को उनके बीकानेर लौटने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस युवती की तलाश करने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: