नयाशहर में फिर खूनी संघर्ष, जमानत पर छूटे युवक की गाड़ी पर हमला
बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में चार दिन में दूसरी बार खूनी संघर्ष की वारदात सामने आई है। रविवार को दाउजी रोड जाने वाली सड़क पर दानिश और मोईन की गाड़ी पर दूसरे गुट के लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। हमले में गाड़ी के शीशे टूट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दानिश हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद हथियारों से लैस कुछ लोगों ने मौका पाकर उसकी गाड़ी पर हमला किया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दानिश और मोईन किसी तरह वहां से निकल गए।
पुलिस ने खंगालना शुरू किया CCTV
वारदात के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस हमलावरों की पहचान के साथ वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।
चार दिन पहले भी हुई थी चाकूबाजी
बताया जा रहा है कि बुधवार को इसी इलाके में चाकूबाजी की वारदात हुई थी। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। अब दोबारा गाड़ी पर हमला होने से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।






