Bikaner News: PBM अस्पताल में किडनी फेल होने वाली प्रसूता की इलाज के दौरान मौत
बीकानेर। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में पिछले दिनों किडनी फेल होने से गंभीर हुई प्रसूता महिलाओं में से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला पिछले करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थी और उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी।
पीबीएम अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुल 6 महिला प्रसूताओं की किडनी फेल होने का मामला सामने आया था। इनमें से 5 महिलाओं की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, जबकि गंभीर स्थिति में भर्ती प्रीति की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
एक महीने से चल रहा था इलाज
बताया जा रहा है कि प्रीति की हालत काफी गंभीर थी और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार को उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रीति की मौत की सूचना मिलते ही पीबीएम प्रशासन में हलचल मच गई। अस्पताल प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहा है।
नागौर से रेफर होकर आई थी प्रीति
पीबीएम अधीक्षक बी.सी. घीया ने बताया कि मृतका प्रीति का ससुराल सूरतगढ़ है और उसे नागौर से रेफर कर पीबीएम अस्पताल लाया गया था। यहां उसका करीब एक महीने से इलाज चल रहा था।
मामले पर प्रशासन की नजर
प्रसूता महिलाओं की किडनी फेल होने का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा है। चिकित्सकों की टीम मरीजों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।




