घर में घुसकर लाठी-सरियों से हमला, महिला के हाथ में आए 13 टांके; 5 नामजद पर केस दर्ज
बीकानेर. गंगाशहर थाना क्षेत्र के सर्वसिद्धि नगर में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच लोगों ने एक परिवार पर लाठी, सरियों और घूंसों से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाना पड़ा।
गंगाशहर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार सर्वसिद्धि नगर निवासी विमला ने मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 5 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे आरोपी उनके घर में जबरन घुस आए और उसके तथा उसकी माता मुमा देवी पर हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने लाठियों, सरियों और घूंसों से हमला किया। हमले में मुमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके हाथ में 13 टांके लगाए।
परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने जानबूझकर घर में घुसकर हमला किया और परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर हनुमान पुत्र लेखराम, संतोष पुत्री लेखराम, राजेश्वरी पुत्री लेखराम, चंद्रकला तथा अशोक पुत्र लेखराम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




