Bikaner News: बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी गिरधारीसिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण सिंह राजपुरोहित, उम्र 60 वर्ष, निवासी रासीसर पुरोहितान बास, थाना नोखा, जिला बीकानेर ने मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि 16 मई 2026 को सुबह करीब 7 बजे जब वह अपने घर पहुंचा तो मकान के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर रखे संदूकों के ताले भी टूटे हुए थे।
रिपोर्ट के अनुसार चोर घर से दो जोड़ी चांदी की पायजेब, करीब 60 चांदी के राजशाही सिक्के, लगभग एक किलो चांदी के अन्य सामान, डेढ़ तोला सोने का झूमरा-कांटा, एक सोने की बिंटी तथा अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
मामले में जेके दास पुत्र रामचंद्र साध निवासी रासीसर तथा दो-तीन अन्य व्यक्तियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




