बीकानेर में ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा एक्शन, 55 ग्राम MD के साथ दो युवक गिरफ्तार
बीकानेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नयाशहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55.14 ग्राम एमडी बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन और नगर वृताधिकारी अनुज डाल के सुपरविजन में नयाशहर पुलिस ने कार्रवाई की।
नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध गतिविधियों से जुड़े संभावित ठिकानों पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से एमडी की बिक्री को लेकर सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा।
दोनों आरोपियों से 55.14 ग्राम MD बरामद
पुलिस ने अभिषेक चौधरी (19) पुत्र भंवरलाल चौधरी, निवासी मांजीसा मंदिर के पीछे, चोपड़ा बाड़ी, थाना गंगाशहर के कब्जे से 32.94 ग्राम एमडी बरामद की।
वहीं काशीराम सियाग (20) पुत्र राजाराम सियाग, निवासी स्वरूपदेसर, थाना नाल, हाल राजीव नगर, थाना गंगाशहर के कब्जे से 22.20 ग्राम एमडी जब्त की गई। दोनों आरोपियों से कुल 55.14 ग्राम एमडी बरामद हुई।
एमडी कहां से आई, नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नयाशहर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पुलिस की कार्रवाई करने वाली टीम में नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार, उप निरीक्षक राकेश गोदारा, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल शीशराम, कांस्टेबल रवि कुमार और कांस्टेबल रामकिशन शामिल रहे।
पुलिस अब मामले में आगे की जांच करते हुए नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।





